हिन्दी कवितायें

हिन्दी कवितायें
  1. मौन संवाद

मौन के मौन में
देखा है एक संवाद गहरा
एक भाव पूरा ।

देखा है अर्थों को
पूर्णविराम के साथ
उस मौन गहरायीं में
विश्राम करते ।

मौन अनंत है, मौन निराकार है
एक चेतन मन का
एक दुर्लभ अविर्भाव है ।

मौन अंतर्मन का द्वार है
आत्मा से सिंचित
आत्मा में रचा बसा
प्रकृति का अद्भुत
एक काव्य-शास्त्र है ।

तरुण पल्लव सा एक
कोमल भाव है मौन
तो कभी
तूफानों सा गरज़ता
चोटिल एहसास है मौन ।

मन का दर्पण
एक ओजस प्राण है मौन ।

मौन को समझना
आसान कहाँ
मौन की “मौन-संवेदना”
अर्थों की ओट पर है सींचती ।

ओस की बूँद में एक मौन
पत्तों के सरसराहट में
उनकी ख़ुशी का मौन
झरने की झर-झर करती
किलकारी में स्वतंत्र
होने का मौन ।

माँ की कोख में
पलता एक नन्हा प्राण
कुदरत की शक्ति का मौन ।
होती प्रकृति सिंचित जिस मेघ से
उसमें सृजन का मौन ।मौन एक साधना है
मौन एक एहसास है
धमनिओं में दौड़ता
प्रवाहित रक्त है
एक-एक स्वांस की डोर
जो है बंधी इस मानुस से
उस डोर का छोर है मौन ।

मौन एक शक्ति है
मौन एक साधना है
एक परिपूर्ण चेतना है ।

ईश्वर की भक्ति में प्रफुल्लित
उस प्रार्थना का
विश्वास है मौन ।

मौन के मौन में
देखा है एक संवाद गहरा
एक भाव पूरा,
एक ” व्योम-अतल प्राण पूरा ।”
देखा है अर्थों को
पूर्णविराम के साथ
उस मौन गहरायी में
विश्राम करते ।

२७/०४/२०२०

2. नेति नेति
_________

मैंने पर्वत से पूछा
क्या तुम सत्य को जानते हो?
वो चुप रहा
और फिर उसकी बर्फ़ पिघलती रही.

थोड़ा और आगे गई
नदी मिली
उससे भी यही पूछा
क्या तुम सत्य को जानती हो?
बर्फ़ पिघलकर तुम तक आती
क्या तुम ही सत्य हो
तुम ही अंतिम हो?
नदी हँसी और बह चली
बोली – नेति नेति.

नेति नेति ..

कुछ समझ नहीं आया
दो टूक उसकी बातें यूँ सुन
दिखे आवारा बादल
उनसे भी यही पूछा
इतराते हुए बारिश आयी
और धीरे से स्पर्श कर बोली
नेति नेति.

फिर तालाब, पक्षी, वन, फूल
सबसे मिली
सब एक एक कर या तो चुप रहे
या धीरे से नेति नेति फुसफुसा कह चले.

इंसानो की दुनिया से दूर
सोचा शायद
यही मुझे समझा दें नेति नेति.

पर उत्तर अब भी अधूरा था।

लौट पड़ी फिर से
इंसानो की दुनिया की ओर
सीधे पहुंची मंदिर
लगा यहाँ तो शायद सब
अपना अहम, गुरुर, पद, ज्ञान पीछे रख
आते होंगे सत्य को खोजने.

एक मंदिर दिखा
सोचा शायद दीपक की लौ
या फिर इन घंटियों में ही
मिल जाए सत्य छुपा कहीं.

शब्द टकराते रहे
प्रार्थना की मौन गली में
जितना उत्तर ढूंढती
उसके पीछे एक और प्रश्न
कुछ लकीर खींच रहा था.

इतने चेहरे थे उधर
और बगल में एक अनदेखा दर्पण
देखा लोगों को थककर बैठ चुके थे
ईश्वर के समीप बिलकुल समीप
वो अनदेखा दर्पण
दिखा रहा था उनकी भीतर की थकान
उनके भीतर के तूफ़ान से ध्वस्त होती
शून्य बिखर रहा था.

असमंजस में पड़ी मैं
सत्य यहाँ भी नहीं
फिर है कहाँ?

मानो उस प्रांगण का शून्य
धीमे से मेरे कान में बोला
जो दिखता है
वो कभी भी पूरा सही नहीं होता.
ना तुम्हारी देह
ना ये नाम, शोहरत
रूप रंग
ना ही यादें जो
तुम सब संभाल रहे हो.

ना ही तेरी जीत,
और ना ही तेरी हार,
ना ही तेरा ग़ुमान
और ना ही तेरा भय.

ना कोई बंधन
और ना ही अकेलापन.

जो कुछ तुम्हारे आसपास
और तुम्हारे भीतर बचा रह जाएगा
इन सबके मिट जाने के बाद
बस वही सत्य है।

सत्य –
अनकहा,
असीम, निर्बाध
पूर्ण
जो तेरी हर स्वांस में
सिर्फ यही सुनता है..
न यह…
न वह…
नेति… नेति…

कविता भट्ट
27/06/2026